सागर

*नगरवासियों को विजयादशमी की शुभकामनाएं, हमें संकल्प लेना हैं हम सब सत्य के मार्ग पर चले, अधर्म रूपी रावण का दहन करें :कैबिनेट मंत्री गोविन्द सिंह राजपूत*

 *15 मिनट तक हुई आकर्षक आतिशबाजी ने लोगों का मोहा मन*राधे-राधे संकीर्तन से भक्तिमय हुआ माहौल, हजारों नागरिक बने दशहरा महोत्सव के साक्षी*

*नगर निगम द्वारा आयोजित दशहरा महोत्सव में पीटीसी ग्राउंड में 51 फीट ऊंचे रावण के पुतले के साथ ही कुंभकरण और मेघनाद के पुतले का भी हुआ दहन*,
सागर/ विजयादशमी पर्व पर नगर निगम द्वारा 20 अक्टूबर को पीटीसी ग्राउंड में भव्य दशहरा महोत्सव का आयोजन किया गया। भगवान श्रीराम के जयघोष के बीच जैसे ही श्रीराम के बाण से 51 फीट ऊंचे रावण के पुतले के साथ ही  कुंभकरण एवं मेघनाद के पुतले का दहन हुआ, पूरा मैदान जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठा। देखते ही देखते रावण, कुंभकरण और मेघनाद का पुतला धू-धू कर जलने लगा। इसके साथ ही लगभग 15 मिनट तक हुई आकर्षक आतिशबाजी ने हजारों की संख्या में उपस्थित नागरिकों का मन मोह लिया।  दशहरा महोत्सव कार्यक्रम में राधे-राधे संकीर्तन ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
 दशहरा महोत्सव में मुख्य अतिथि केबिनेट मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत एवं विशिष्ट अतिथि सांसद श्रीमती लता वानखेड़े, विधायक श्री शैलेन्द्र कुमार जैन, महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी,भाजपा जिलाध्यक्ष श्री श्याम तिवारी एवं निगम अध्यक्ष श्री वृंदावन अहिरवार उपस्थित थे।
इस अवसर पर  जिला पंचायत सीईओ श्री जगदीश गोमे,निगमायुक्त श्री राजकुमार खत्री , एडीएम अविनाश रावत, लीगल राइट्स काउंसिल की प्रदेश अध्यक्ष अनुश्री जैन सहित जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन एवं नगर निगम के पार्षद व अधिकारी भी उपस्थित थे। कार्यक्रम के प्रारंभ में सभी अतिथियों ने भगवान श्रीराम का पूजन-अर्चन कर आरती की। निगमायुक्त श्री राजकुमार खत्री ने सभी अतिथियों का पुष्प गुच्छ भेंटकर स्वागत किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि केबिनेट मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत ने नगरवासियों को विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि असत्य पर सत्य की विजय का यह उत्सव, हम सब अधर्म अहंकारी रूप रावण का दहन करते हैं, हमें संकल्प लेना हैं हम सब सत्य के मार्ग पर चले और ऐसा कोई काम न करें जिससे हमें नीचा देखना पड़े। दशहरा केवल रावण के पुतले के दहन का पर्व नहीं, बल्कि अपने भीतर मौजूद अहंकार, क्रोध, लोभ, मोह, ईर्ष्या और अन्य बुराइयों को समाप्त करने का संकल्प लेने का अवसर है। भगवान श्रीराम का जीवन मर्यादा, कर्तव्य, त्याग, संयम और आदर्शों के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी सत्य और धर्म का साथ नहीं छोड़ना चाहिए। विजयादशमी का संदेश है कि परिस्थितियां चाहे कितनी भी चुनौतीपूर्ण हों, अंततः विजय सत्य और धर्म की ही होती है।
*स्वच्छता बनाए रखने लोगों को जागरूक किया*- नगर निगम द्वारा दशहरा महोत्सव में  हजारों की संख्या में उपस्थित विशाल जनसमूह को गीला एवं सूखा कचरा को पृथक कर कचरा गाड़ी को देने, सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग बंद कर कपड़े के थैले का उपयोग करने, कचड़ा को कूडादान में डालने, की अपील की गई।
*निगमायुक्त ने आभार व्यक्त किया* नगर निगम आयुक्त श्री राजकुमार खत्री ने दशहरा महोत्सव कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु अतिथियों सहित हजारों की संख्या में उपस्थित हुए नगरवासियों का आभार व्यक्त किया और सभी से शहर को स्वच्छ रखने की अपील करते हुए कचरे रूपी रावण को समाप्त करने की अपील की।
*कार्यक्रम उपरांत तत्काल मैदान की सफाई सुनिश्चित की गई*
निगमायुक्त श्री राजकुमार खत्री की पहल सार्वजनिक कार्यक्रम के तत्काल बाद कार्यक्रम स्थल की सफाई के अंतर्गत दशहरा महोत्सव में रावण दहन पश्चात पीटीसी मैदान की सफाईमित्रों ने सफाई सुनिश्चित की। पीटीसी मैदान की कार्यक्रम के पहले और कार्यक्रम उपरांत समुचित साफ सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button