सागर
नरवाई जलाने की घटनाओं पर प्रभावी कार्यवाही करें, किसानों को कृषि यंत्रों एवं योजनाओं का लाभ दिलाएं – कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल
सागर /
कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने नरवाई एवं पराली प्रबंधन, भावांतर योजना, कृषि विभाग, मंडियों के संचालन एवं रबी सीजन 2026 की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में अपर कलेक्टर श्री अविनाश रावत, कृषि विकास विभाग श्री राजेश त्रिपाठी, मंडल प्रबंधक जिला विपणन संघ सागर श्री रोहित बघेल, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला सहकारी केंद्रीय बैंक श्री नीरज दुरेजा, श्री अनिल राय सहायक संचालक कृषि, श्री जयदत्त शर्मा सहायक संचालक कृषि, श्री भूपेंद्र राजपूत तकनीकी सहायक कृषि तथा इफको के क्षेत्रीय अधिकारी श्री प्रतीक गुप्ता सहित कृषि विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर श्रीमती पाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रबी फसलों की तैयारी के लिए विस्तृत कार्ययोजना बनाकर कार्य करें। मैदानी अमला किसानों से संपर्क कर फसलवार रकबे में संभावित वृद्धि की जानकारी एकत्रित करे। चना, मसूर एवं तिलहनी फसलों की तैयारी के संबंध में एक सप्ताह के भीतर अद्यतन जानकारी प्रस्तुत की जाए। संभावनाओं वाले गांवों को चिह्नित कर ब्लॉकवार लक्ष्य निर्धारित करें तथा लक्ष्य प्राप्ति के लिए नियमित समीक्षा करें।
कलेक्टर श्रीमती पाल ने रबी फसलों के लिए बीज की उपलब्धता, वितरण तथा उर्वरक के भंडारण, उपलब्धता एवं वितरण की समीक्षा की। उन्होंने सहकारी समितियों से उर्वरक उठाव, ई-विकास पोर्टल पर टोकन जनरेशन एवं वितरण की जानकारी लेते हुए प्रतिदिन अपडेट करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समितियों का सत्यापन कर लंबित समस्याओं का निराकरण कराया जाए। निजी उर्वरक विक्रेताओं की नियमित जांच, बिक्री के आंकड़ों का संधारण तथा भौतिक सत्यापन सुनिश्चित किया जाए, ताकि बुआई के समय किसानों को परेशानी न हो। अवैध वसूली की शिकायतों पर भी प्रभावी कार्यवाही की जाए।
कलेक्टर ने नरवाई प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि फसल कटाई से पहले ही किसानों को नरवाई नहीं जलाने के लिए जागरूक किया जाए। कृषि संगोष्ठियों और मैदानी भ्रमण के माध्यम से किसानों को नरवाई प्रबंधन के वैकल्पिक उपायों की जानकारी दें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि नरवाई जलाने की घटनाओं को रोकने के लिए केवल समझाइश तक सीमित न रहें, बल्कि प्रभावी परिणाम मूलक कार्यवाही सुनिश्चित करें। प्रत्येक घटना की जानकारी लेकर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी तथा नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।