सागर
*नगर निगम द्वारा दशहरा महोत्सव पर पीटीसी ग्राउंड में होगा 51 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन , कार्यक्रम में आतिशबाजी रहेगी विशेष आकर्षण*
*निगमायुक्त ने सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के दिए निर्देश*

सागर। नगर निगम सागर द्वारा विजयादशमी के पावन पर्व पर प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी 20 अक्टूबर को पीटीसी ग्राउंड में भव्य दशहरा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव के दौरान 51 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। रावण दहन कार्यक्रम शाम 7 बजे आयोजित होगा, जिसमें जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी तथा बड़ी संख्या में शहरवासी शामिल होंगे। कार्यक्रम से पूर्व भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। वहीं, रावण दहन के साथ होने वाली आकर्षक आतिशबाजी महोत्सव का प्रमुख आकर्षण रहेगी।
*10 कारीगर पांच दिनों से तैयार कर रहे भव्य पुतला*
दशहरा महोत्सव के लिए 51 फीट ऊंचे रावण के पुतले को भव्य स्वरूप देने में 10 कारीगर पिछले पांच दिनों से लगातार जुटे हुए हैं। पुतले का मजबूत ढांचा तैयार करने के लिए बांस, लकड़ी की बल्लियों, रस्सी और तार का उपयोग किया जा रहा है। इसके बाद टोकरी, कागज, कपड़े, गत्ते, फेविकोल तथा विभिन्न सजावटी सामग्रियों की मदद से पुतले को आकर्षक आकार और रूप दिया जा रहा है। कारीगर पुतले को अंतिम रूप देने में जुटे हैं, ताकि विजयादशमी के अवसर पर होने वाला रावण दहन नागरिकों के लिए यादगार आकर्षण बने।
*नागरिकों की सुविधा के लिए की जा रहीं आवश्यक व्यवस्थाएं*
दशहरा महोत्सव के सफल आयोजन को लेकर नगर निगम द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। निगमायुक्त श्री राजकुमार खत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि कार्यक्रम स्थल पर नागरिकों की सुविधा, सुव्यवस्थित आयोजन तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि महोत्सव में शामिल होने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। नगर निगम का प्रयास है कि शहरवासी उत्साह, उमंग और उल्लास के साथ विजयादशमी का पर्व मना सकें।
नगर निगम द्वारा शहरवासियों से अपील की गई है कि वे 20 अक्टूबर को पीटीसी ग्राउंड में आयोजित दशहरा महोत्सव में सपरिवार शामिल होकर रावण दहन कार्यक्रम का आनंद लें और विजयादशमी के इस पावन पर्व की खुशियां आपस में साझा करें।

