सागर
निगमायुक्त एवं एडीएम ने बड़ी नदी स्थित दुर्गा प्रतिमा विसर्जन स्थल एवं पीटीसी ग्राउंड दशहरा महोत्सव स्थल का किया निरीक्षण
दशहरा महोत्सव में बड़ी संख्या में नागरिकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश
October 19, 2026Last Updated: October 19, 2026
2 minutes read
-
सागर/ननि। नगर निगम आयुक्त श्री राजकुमार खत्री एवं एडीएम श्री अविनाश रावत ने लेहदरा नाका स्थित बड़ी नदी पर श्री दुर्गा प्रतिमा विसर्जन स्थल तथा पीटीसी ग्राउंड पर नगर निगम द्वारा आयोजित दशहरा महोत्सव कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि दोनों महत्वपूर्ण आयोजनों में नागरिकों की सुविधा, सुरक्षा एवं आवश्यक व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि श्रद्धालुओं एवं नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।निगमायुक्त एवं एडीएम ने बड़ी नदी स्थित श्री दुर्गा प्रतिमा विसर्जन स्थल का निरीक्षण करते हुए कहा कि दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं नागरिक पहुंचते हैं। इसे ध्यान में रखते हुए विसर्जन स्थल पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने स्थल पर नदी एवं आसपास के क्षेत्र की साफ-सफाई कराने, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था करने तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए टेंट लगाने के निर्देश दिए।उन्होंने प्रतिमा विसर्जन के दौरानआवश्यकताअनुसार नाव एवं जेसीबी मशीन की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था रखने तथा नागरिकों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए पानी के टैंकर रखवाने के निर्देश भी दिए। निगमायुक्त ने स्पष्ट किया कि प्रतिमा विसर्जन व्यवस्था में लगे अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सौंपे गए दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करना होगा। संबंधित अधिकारी विसर्जन कार्य पूर्ण होने तक स्थल पर उपस्थित रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे, ताकि विसर्जन कार्य व्यवस्थित एवं सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सके।इसके पश्चात निगमायुक्त एवं एडीएम ने पीटीसी ग्राउंड पहुंचकर नगर निगम द्वारा आयोजित दशहरा महोत्सव की तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी दशहरा महोत्सव में बड़ी संख्या में नागरिकों के शामिल होने की संभावना है। इसलिए कार्यक्रम स्थल पर नागरिकों की सुविधा एवं सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक इंतजाम किए जाएं।उन्होंने कार्यक्रम के लिए व्यवस्थित मंच तैयार करने, सुरक्षा की दृष्टि से फायर ब्रिगेड उपलब्ध रखने, पेयजल के लिए पानी के टैंकर रखवाने तथा कार्यक्रम स्थल पर आवश्यकतानुसार बैरिकेडिंग कराने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी व्यवस्थाओं का समय रहते परीक्षण कर लिया जाए, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।उन्होंने कहा कि अधिकारीगण दोनों आयोजनों में समन्वय के साथ कार्य करते हुए व्यवस्थाओं को बेहतर बनाएं, जिससे नागरिक सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण में धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों में सहभागिता कर सकें।

