सागर

*बाजार में सुचारू यातायात व्यवस्था बनाए रखने दुकानदार निर्धारित सीमा में ही लगाएं दुकानें — निगमायुक्त*

*निगमायुक्त ने कटरा बाजार में स्वयं मौके पर पहुंचकर हटवाया अतिक्रमण, सामग्री जप्त करने के निर्देश*

सागर/ ननि /नगर निगम आयुक्त श्री राजकुमार खत्री ने दीपावली पर्व के मद्देनजर शहर के प्रमुख बाजारों में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने एवं अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में गुरुवार को निगमायुक्त श्री खत्री ने कटरा बाजार पहुंचकर स्वयं मौके पर अतिक्रमण हटवाया तथा सड़क पर निर्धारित सीमा से बाहर दुकान लगाने और मार्ग अवरुद्ध करने वालों की सामग्री जप्त करने के निर्देश दिए।
निगमायुक्त ने कहा कि दीपावली पर्व पर बाजारों में खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में नागरिक पहुंचते हैं। ऐसे में मुख्य मार्गों पर अतिक्रमण होने से यातायात बाधित होता है और नागरिकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसे ध्यान में रखते हुए बाजार क्षेत्र में दुकानों को निर्धारित सीमा के भीतर व्यवस्थित रूप से लगाने की व्यवस्था की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित लाइन के बाहर दुकान लगाने, सड़क पर सामग्री फैलाने तथा आवागमन में बाधा उत्पन्न करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम की टीम ने निगमायुक्त के निर्देश पर कटरा बाजार, विजय टॉकीज चौराहा, नमकमंडी, तीनबत्ती से कटरा बाजार एवं गुजराती बाजार क्षेत्र में सड़क पर दुकान लगाने तथा अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की। इस दौरान सड़क पर रखी सामग्री हटवाने के साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वालों की सामग्री जप्त करने के निर्देश दिए गए।
निगमायुक्त  ने दुकानदारों से अपील की कि वे शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में नगर निगम का सहयोग करें और अपनी दुकानें निर्धारित सीमा के भीतर ही लगाएं। उन्होंने कहा कि बाजारों में अतिक्रमण न करें, जिससे नागरिकों को खरीदारी करने में सुविधा हो तथा पैदल चलने वालों और वाहनों के आवागमन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाजार क्षेत्रों में नियमित निगरानी रखी जाए तथा अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध निरंतर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि दीपावली के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था व्यवस्थित बनी रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button