भोपालसागर

मकरोनिया में विधायक इंजी. प्रदीप लारिया ने 55 लाख की लागत से निर्मित ‘सरदार पटेल हाट बाजार’ का किया लोकार्पण; मंगल भवन विस्तार के लिए 25 लाख की घोषणा

सरदार पटेल के विचारों से राष्ट्र एकता का संकल्प, रजाखेड़ी हाट बाजार को मिला नया गौरव

(मकरोनिया में विधायक इंजी. प्रदीप लारिया ने 55 लाख की लागत से निर्मित ‘सरदार पटेल हाट बाजार’ का किया लोकार्पण; मंगल भवन विस्तार के लिए 25 लाख की घोषणा)

मकरोनिया/31.10.2026 लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शनिवार को नरयावली विधानसभा क्षेत्र के मकरोनिया स्थित रजाखेड़ी बजरिया में गरिमामय समारोह आयोजित किया गया। विधायक इंजी. प्रदीप लारिया के मुख्य आतिथ्य में आयोजित कार्यक्रम में रजाखेड़ी हाट बाजार का नामकरण ‘सरदार पटेल हाट बाजार’ के रूप में करते हुए 55 लाख रुपये की लागत से निर्मित परिसर का लोकार्पण किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन, माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। अतिथियों का पुष्पमालाओं से स्वागत किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने सरदार पटेल के अद्वितीय व्यक्तित्व, राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान तथा 562 से अधिक रियासतों के एकीकरण के माध्यम से अखंड भारत की स्थापना में उनकी ऐतिहासिक भूमिका का स्मरण किया।

मुख्य अतिथि विधायक इंजी. प्रदीप लारिया ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल केवल स्वतंत्रता संग्राम के महानायक ही नहीं, बल्कि आधुनिक भारत की एकता और अखंडता के शिल्पकार थे। उन्होंने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और राष्ट्रनिष्ठा से देश को एक सूत्र में पिरोने का ऐतिहासिक कार्य किया। उनका जीवन हमें राष्ट्र प्रथम, सामाजिक समरसता और सामूहिक दायित्व का संदेश देता है।

श्री लारिया ने कहा कि राष्ट्रनायक सरदार पटेल के अतुलनीय योगदान को चिरस्थायी स्मृति से जोड़ने के उद्देश्य से रजाखेड़ी बजरिया के मुख्य प्रवेश द्वार का नामकरण भी उनके नाम पर किया गया, जो जिले का पहला ऐसा प्रवेश द्वार है। आज रजाखेड़ी के प्रसिद्ध हाट बाजार को ‘सरदार पटेल हाट बाजार’ के नाम से नई पहचान मिली है। ये नामकरण केवल नाम परिवर्तन नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्र निर्माण के महान इतिहास और सरदार पटेल के आदर्शों से जोड़ने का प्रयास हैं।

इस अवसर पर कुर्मी समाज की मांग पर विधायक श्री लारिया ने हाट बाजार परिसर में स्थापित कारस देव चबूतरे के विस्तार तथा मकरोनिया के वार्ड क्रमांक 9 में निर्माणाधीन सरदार वल्लभभाई पटेल मंगल भवन के 25 लाख रुपये की लागत से भव्य विस्तार की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल के नाम से जुड़े ये निर्माण सामाजिक एकता, सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रीय चेतना के प्रेरक केंद्र बनेंगे।

कार्यक्रम में स्वागत भाषण विजय पटेल ने दिया तथा नगर पालिका अध्यक्ष मिहिलाल अहिरवार ने आभार व्यक्त किया। मंच संचालन पार्षद विवेक सक्सेना एवं विजय पटेल ने किया। समापन अवसर पर राष्ट्रगान के साथ राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता के संकल्प को दोहराया गया।

इस अवसर पर जग्गी दाऊ, कालीचरण तिवारी, जिला महामंत्री चैन सिंह, नपाध्यक्ष मिहिलाल अहिरवार, जिपं. सदस्य शारदा खटीक, विजय पटेल, जयंती मौर्य, ऑफिसर यादव, कपिल कुशवाहा, मंडल अध्यक्ष अंकित तिवारी, अशोक सिंह पड़रिया, श्याम सुंदर मिश्रा, बलवंत ठाकुर, पार्षदगण, एल्डरमैन, भाजपा पदाधिकारी-कार्यकर्ता, कुर्मी समाज के बंधु, मातृशक्ति एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button