मध्य प्रदेश

मुख्यमंत्री डॉ. यादव पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद पुलिसकर्मियों को अर्पित करेंगे श्रद्धांजलि

लाल परेड मैदान स्थित शहीद स्मारक प्रांगण में 21 अक्टूबर को होगा राज्य स्तरीय कार्यक्रम

मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर बुधवार, 21 अक्टूबर को प्रातः 8:30 बजे लाल परेड मैदान, भोपाल स्थित शहीद स्मारक प्रांगण में राज्य स्तरीय श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव देश की आंतरिक सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था की रक्षा करते हुए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले पुलिसकर्मियों को श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे।

पुलिस महानिदेशक श्री कैलाश मकवाणा सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, सेवानिवृत्त वरिष्ठ पुलिस अधिकारी एवं पुलिस बल के अधिकारी-कर्मचारी भी शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।

शहीदों के सर्वोच्च बलिदान का स्मरण

पुलिस स्मृति दिवस प्रतिवर्ष 21 अक्टूबर को देशभर में उन पुलिसकर्मियों की स्मृति में मनाया जाता है, जिन्होंने कर्तव्य निर्वहन के दौरान अपने प्राणों का बलिदान दिया। 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स क्षेत्र में चीनी सैनिकों के साथ मुठभेड़ में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के 10 वीर जवान शहीद हो गए थे। इन वीर जवानों की शहादत की स्मृति में प्रत्येक वर्ष पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है।

मध्यप्रदेश पुलिस के 9 शहीदों को दी जाएगी श्रद्धांजलि

इस वर्ष मध्यप्रदेश पुलिस के 9 अधिकारी-कर्मचारियों ने कर्तव्य निर्वहन के दौरान अपने प्राणों का बलिदान दिया है। पुलिस स्मृति दिवस पर इन वीर शहीदों को नमन करते हुए उनके अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और सर्वोच्च बलिदान का स्मरण किया जाएगा।

शहीद पुलिसकर्मियों में स्वर्गीय श्री आशीष शर्मा, निरीक्षक (विशेष सशस्त्र बल), स्वर्गीय श्री अशोक शर्मा, उप निरीक्षक, स्वर्गीय श्री मदनलाल निनामा, सहायक उप निरीक्षक,स्वर्गीय श्री परिमाल सिंह तोमर, प्रधान आरक्षक क्रमांक 291,स्वर्गीय श्री ओम प्रकाश भवेदी, कार्यवाहक प्रधान आरक्षक क्रमांक 40, स्वर्गीय श्री सर्जन सिंह भील, कार्यवाहक प्रधान आरक्षक क्रमांक 580,स्वर्गीय श्रीमती आरती पाल, महिला आरक्षक क्रमांक 1480, स्वर्गीय श्री महेश प्रसाद पाठक, आरक्षक क्रमांक 98 तथा स्वर्गीय श्री विकास चतुर्वेदी, आरक्षक क्रमांक 987 शामिल हैं।

पुलिस स्मृति दिवस परेड में विभिन्न टुकड़ियां होंगी शामिल

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में जिला पुलिस बल एवं विशेष सशस्त्र बल की महिला और पुरुष प्लाटून, होमगार्ड प्लाटून, पाल-बेयरर पार्टी, कलर पार्टी, पुलिस बैंड, अश्वारोही दल एवं श्वान दल की टुकड़ियां भाग लेंगी। पुलिस बैंड की देशभक्ति से ओतप्रोत धुनों के बीच शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button