सागर

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन, स्वतंत्रता एवं लोकतंत्र सेनानियों का हुआ सम्मान; कृषि विकास प्रतियोगिता के विजेताओं को मिले आकर्षक पुरस्कार

विधायक अनिल जैन ने विद्यार्थियों का बढ़ाया उत्साह, स्थापना दिवस पर प्रतिभागियों को 3 हजार देने का ऐलान

निवाड़ी। मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस पर रविवार को जिला मुख्यालय स्थित स्वामी विवेकानंद सभागार में जिला स्तरीय समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ स्वतंत्रता सेनानियों और लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान किया गया। समारोह में विद्यार्थियों ने नृत्य, नाट्य मंचन सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ निवाड़ी विधायक अनिल जैन ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान सांसद प्रतिनिधि राजेश पटेरिया, कलेक्टर जमुना भिड़े, पुलिस अधीक्षक डॉ. राय सिंह नरवरिया, जिला पंचायत सीईओ रोहन सक्सेना और अपर कलेक्टर इकबाल मोहम्मद सहित जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

समारोह में विधायक अनिल जैन ने कहा कि मध्यप्रदेश प्राकृतिक संपदा, ऐतिहासिक धरोहरों और समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं के लिए अपनी अलग पहचान रखता है। देश के हृदय स्थल में स्थित होने के कारण प्रदेश को हृदय प्रदेश कहा जाता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उद्योग, कृषि, शिक्षा, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में लगातार काम हो रहे हैं। प्रदेश की प्रगति में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है।

सांसद प्रतिनिधि राजेश पटेरिया ने भी जिलेवासियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मध्यप्रदेश ने अपनी सांस्कृतिक विरासत और ऐतिहासिक पहचान के साथ विकास के क्षेत्र में भी अलग मुकाम बनाया है। प्रदेश को आगे बढ़ाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए।

कार्यक्रम में स्वतंत्रता सेनानियों एवं लोकतंत्र सेनानियों को शॉल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं विभिन्न शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र एवं हितलाभ प्रदान किए गए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button