सागर
सुरखी में एसबीआई की नई शाखा का मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने किया शुभारंभ
बैंक कर्मचारी और ग्राहक एक ही गाड़ी के दो पहिए : गोविंद सिंह राजपूत

15 साल पुरानी मांग हुई पूरी, सुरखी सहित 50 से 60 गांवों के लोगों को मिलेगी बैंकिंग सुविधा; एटीएम की सुविधा भी शुरू
सागर /खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री तथा सुरखी विधायक गोविंद सिंह राजपूत ने रविवार को सुरखी में भारतीय स्टेट बैंक की नई शाखा का शुभारंभ किया। क्षेत्रवासियों की लगभग 15 वर्षों से चली आ रही पुरानी मांग पूरी होने से सुरखी सहित आसपास के 50 से 60 गांवों के लोगों को बैंकिंग सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
शाखा शुरू होने से लोगों को बैंकिंग कार्यों के लिए दूर जाने की आवश्यकता कम होगी। ग्रामीणों, किसानों, व्यापारियों, महिलाओं, बुजुर्गों, विद्यार्थियों और पेंशनधारियों को स्थानीय स्तर पर ही बचत खाते, चालू खाते, जमा-निकासी, धन हस्तांतरण, लॉकर, जनधन खाते और डिजिटल बैंकिंग की सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही एटीएम सुविधा से 24 घंटे नकदी निकासी संभव होगी।
इस अवसर पर मंत्री श्री राजपूत ने कहा कि बैंकिंग सुविधा प्रत्येक व्यक्ति के जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है। बैंक केवल लेनदेन का माध्यम नहीं, बल्कि विश्वास की संस्था है। उन्होंने बैंक कर्मचारियों से कहा कि बैंक कर्मचारी और ग्राहक एक ही गाड़ी के दो पहिए हैं, इसलिए क्षेत्रवासियों को बेहतर सेवाएं प्रदान करें और उनकी समस्याओं का संवेदनशीलता से समाधान करें।
