बांदरी जल प्रदाय योजना के अंतर्गत प्रायोगिक परीक्षण प्रारंभ
100 किलोलीटर क्षमता के ओवरहेड टैंक से घरों तक पहुंचाया जा रहा पानी, जल के दबाव का किया जा रहा परीक्षण
सागर

मध्यप्रदेश में नगरीय क्षेत्रों के साथ ग्रामीण आबादी तक बेहतर जल अधोसंरचना उपलब्ध कराने की दिशा में मध्यप्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कंपनी द्वारा बांदरी जल प्रदाय योजना के अंतर्गत इमलिया ग्राम में प्रायोगिक जल प्रदाय प्रारंभ कर दिया गया है। योजना के अंतर्गत ग्राम में निर्मित 100 किलोलीटर क्षमता के ओवरहेड टैंक से उपभोक्ताओं के घरों तक जल पहुंचाने की प्रक्रिया शुरू की गई है। इसके साथ ही पाइपलाइन के माध्यम से जल आपूर्ति व्यवस्था की कार्यक्षमता और घरों तक पहुंच रहे पानी के दबाव का परीक्षण भी किया जा रहा है। इस प्रायोगिक परीक्षण के दौरान मध्यप्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कंपनी की परियोजना क्रियान्वयन इकाई (पीआईयू), सागर के सहायक परियोजना प्रबंधक, सहायक अनुबंध प्रबंधक, उपयंत्री तथा ठेकेदार के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। अधिकारियों ने उपभोक्ताओं के घरों पर जल के दबाव का निरीक्षण कर आपूर्ति व्यवस्था का परीक्षण किया।प्रायोगिक परीक्षण के दौरान उपभोक्ताओं को यह भी सूचित किया गया है कि आगामी सूचना तक इस जल का उपयोग पीने के लिए न करें। जल की गुणवत्ता एवं आपूर्ति व्यवस्था से संबंधित आवश्यक परीक्षणों के बाद ही पेयजल के उपयोग के संबंध में आगे की सूचना दी जाएगी।नगरीय विकास एवं आवास विभाग के उपक्रम मध्यप्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कंपनी द्वारा क्रियान्वित बांदरी जल प्रदाय योजना का उद्देश्य क्षेत्र में व्यवस्थित जल आपूर्ति अधोसंरचना विकसित करना है। इमलिया ग्राम में प्रायोगिक जल प्रदाय प्रारंभ होना योजना के क्रियान्वयन की दिशा में एक महत्वपूर्ण चरण है। परीक्षण के माध्यम से जल वितरण व्यवस्था की स्थिति का आकलन कर आवश्यक सुधार सुनिश्चित किए जा सकेंगे।