सागर
निवाड़ी पुलिस ने चोरी का किया खुलासा, पिता-पुत्र गिरफ्तार; 5 लाख का माल बरामद
घर के ताले तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी ले गए थे आरोपी, मुख्य आरोपी से कट्टा और जिंदा कारतूस भी मिला

निवाड़ी। ओरछा थाना क्षेत्र के नाराई नाका चौकी अंतर्गत प्रतापपुरा गांव में एक मकान में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा किया है। मामले में पुलिस ने पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर करीब पांच लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और मोबाइल बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी राजकुमार विश्वकर्मा के पास से 315 बोर का अवैध कट्टा और एक जिंदा कारतूस भी मिला है। चोरी की इस वारदात का खुलासा करने के लिए पुलिस अधीक्षक ने दो हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
पुलिस के अनुसार, प्रतापपुरा गांव में टेस्ट ऑफ इंडिया होटल के पीछे राय कॉलोनी निवासी देवेंद्र राय 17 अक्टूबर की रात परिवार के साथ दतिया गए हुए थे। रात करीब डेढ़ बजे जब वे वापस घर पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो तीनों कमरों के ताले भी टूटे हुए थे। अलमारी में रखे सोने के आभूषण, चांदी की पायलें, बिछिया और नकदी गायब थी। इसके बाद उन्होंने नाराई नाका चौकी पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने 18 अक्टूबर को अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
चोरी की गंभीर वारदात को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुटी रही। इसी दौरान 27 अक्टूबर को पुलिस ने दतिया के सपा पहाड़ क्षेत्र निवासी 22 वर्षीय राजकुमार विश्वकर्मा, पिता राधाचरण विश्वकर्मा, को पकड़ा। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में उसने घर में चोरी करना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने उसके पिता राधाचरण विश्वकर्मा को भी मामले में गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक सोने की अंगूठी, एक जोड़ी झुमकी, दो जोड़ी टॉप्स, नाक की दो कील, सोने का ओम, 42 हजार 500 रुपये नकद, एक टच स्क्रीन मोबाइल, 12 जोड़ी चांदी की पायलें और 58 चांदी की बिछिया बरामद की हैं। पुलिस ने बरामद मशरूका की कुल कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई है। मुख्य आरोपी के पास से 315 बोर का अवैध कट्टा और एक जिंदा राउंड भी जब्त किया गया है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. रायसिंह नरवरिया के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित वर्मा, एसडीओपी के.के. पांडेय और ओरछा थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह गुर्जर के मार्गदर्शन में नाराई नाका चौकी पुलिस तथा साइबर सेल की टीम ने भूमिका निभाई।

