News

पीडीएस दुकान पर प्रशासन का छापा, गेहूं-चावल के स्टॉक में मिली भारी कमी

वीरसागर उचित मूल्य दुकान में जांच के दौरान 1260 किलो राशन कम मिला, दूसरे स्थान पर रखी गई राशन सामग्री वाली दुकान को किया सील

पृथ्वीपुर। उचित मूल्य दुकानों पर राशन वितरण में गड़बड़ी की शिकायतों और अनियमितताओं पर नजर रखते हुए आपूर्ति विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी के तहत कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी अमित अहिरवार ने शासकीय उचित मूल्य दुकान वीरसागर का निरीक्षण किया। जांच के दौरान दुकान में गेहूं और चावल के स्टॉक में बड़ी कमी सामने आई।

विक्रेता विवेक यादव की मौजूदगी में किए गए भौतिक सत्यापन में गेहूं 974 किलोग्राम और चावल 286 किलोग्राम कम पाया गया। इस तरह दुकान के स्टॉक में कुल 1260 किलोग्राम राशन की कमी मिली। जांच के दौरान मौके पर पंचनामा तैयार किया गया और विक्रेता के कथन भी दर्ज किए गए।

निरीक्षण में यह भी सामने आया कि विक्रेता ने पीडीएस का राशन बिना अनुमति के एक अन्य स्थान पर रख रखा था। इस पर कार्रवाई करते हुए मौके पर उस अनाधिकृत स्थान को सील कर दिया गया।

यह पूरी कार्रवाई जिला कलेक्टर के निर्देशन और एसडीएम सुश्री विनीता जैन के मार्गदर्शन में कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी अमित अहिरवार द्वारा की गई। राशन के स्टॉक में इतनी बड़ी कमी और बिना अनुमति दूसरे स्थान पर खाद्यान्न रखे जाने का मामला सामने आने के बाद उचित मूल्य दुकानों के संचालन पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

सरकारी राशन पात्र हितग्राहियों तक सही मात्रा में पहुंचे, इसके लिए प्रशासन द्वारा दुकानों की जांच की जा रही है। अब इस मामले में आगे की कार्रवाई विभागीय जांच और दर्ज किए गए पंचनामे के आधार पर की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button