टीकमगढ़ में नियमों को ठेंगा दिखा रहे डीजे संचालक, बिना दस्तावेजों के सड़कों पर दौड़ रहे वाहन!
बीमा, फिटनेस और जरूरी कागजात की जांच पर सवाल, जिम्मेदार विभागों की कार्रवाई का इंतजार

टीकमगढ़। शहर में डीजे संचालकों की ओर से इस्तेमाल किए जा रहे वाहनों के दस्तावेजों और बीमा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। आरोप है कि कुछ डीजे वाहन जरूरी कागजात और बीमा के बिना ही सड़कों पर दौड़ रहे हैं। इसके बावजूद जिम्मेदार विभागों की ओर से जांच और कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।
नियमों के अनुसार, वाहन की श्रेणी और लागू प्रावधानों के मुताबिक वैध बीमा, पंजीयन, फिटनेस तथा अन्य जरूरी दस्तावेज होना आवश्यक है। ऐसे में सवाल उठता है कि यदि डीजे वाहन नियमों के अनुरूप नहीं हैं, तो उनकी जांच क्यों नहीं की जा रही? सड़कों पर दौड़ते इन वाहनों की दस्तावेजी स्थिति की जांच आखिर कब होगी? डीजे वाहनों में तेज आवाज में संगीत बजाने के साथ यातायात नियमों के पालन का मुद्दा भी महत्वपूर्ण है। संबंधित विभागों को चाहिए कि डीजे वाहनों के पंजीयन, बीमा, फिटनेस और अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच कराई जाए। नियमों का उल्लंघन मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। अब सवाल यह है कि जिम्मेदार विभाग कब जागेंगे और टीकमगढ़ की सड़कों पर दौड़ रहे डीजे वाहनों की जांच कब होगी? कार्रवाई के अभाव में नियमों की अनदेखी जारी रहने की आशंका बनी हुई है। प्रवीण नाहर आरटीओ टीकमगढ़। डीजे वाहनों के संचालन को लेकर परिवहन विभाग सख्ती बरतने की तैयारी में है। आरटीओ प्रवीण नाहर ने स्पष्ट कहा है कि चेकिंग के दौरान जिस भी डीजे वाहन को जांच के लिए रोका जाएगा, उसके सभी आवश्यक दस्तावेजों की जांच की जाएगी। वाहन चालक को वाहन से संबंधित वैध कागजात प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।
