पृथ्वीपुर में 20 नवंबर को होगा मुख्यमंत्री कन्या विवाह सम्मेलन, 6 नवंबर तक होंगे आवेदन
खंड स्तरीय आयोजन में ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के पात्र जोड़े ले सकेंगे हिस्सा, कलेक्टर ने तैयारियों और आवेदन प्रक्रिया समय पर पूरी करने के दिए निर्देश
निवाड़ी। मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना के तहत पृथ्वीपुर में 20 नवंबर 2026 को खंड स्तरीय सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन नगर परिषद पृथ्वीपुर में होगा। इसमें शामिल होने के इच्छुक पात्र हितग्राही 6 नवंबर तक आवेदन कर सकेंगे।
मध्यप्रदेश शासन के सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की ओर से वर्ष 2026-27 के लिए निर्धारित कार्यक्रम के तहत यह आयोजन किया जा रहा है। कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े ने सम्मेलन की जिम्मेदारी नगर परिषद पृथ्वीपुर को सौंपी है। कार्यक्रम के लिए मुख्य नगर पालिका अधिकारी अरविंद कुमार तिवारी को कार्यक्रम अधिकारी एवं नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
सम्मेलन में शामिल होने के लिए ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के पात्र हितग्राही 19 अक्टूबर से 6 नवंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। प्राप्त आवेदनों की संबंधित अधिकारियों द्वारा जांच की जाएगी। जांच के बाद पात्र और अपात्र हितग्राहियों की स्पष्ट अनुशंसा सहित सूची 10 नवंबर तक नगर परिषद पृथ्वीपुर को भेजी जाएगी। इसके बाद नगर परिषद द्वारा पात्र जोड़ों के आवेदन 17 नवंबर तक विवाह पोर्टल पर दर्ज किए जाएंगे।


