दमोह में एस.आई.बी. कार्यालय व आवास हेतु भूमि आवंटन का प्रस्ताव राज्य समिति को प्रेषित
कमिश्नर की अध्यक्षता में संभागीय नजूल निर्वर्तन समिति की बैठक संपन्न
सागर : बुधवार, नवम्बर 4, 2026, 15:20 IST

सागर संभाग के कमिश्नर श्री दिलीप कुमार की अध्यक्षता में कमिश्नर कार्यालय में संभागीय नजूल निर्वर्तन समिति की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में शासकीय भूमि और नजूल संपत्तियों के समुचित प्रबंधन, आवंटन और जनहित से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा कर अहम अनुशंसाएं की गईं।बैठक मे भारत सरकार के गृह मंत्रालय के अंतर्गत सहायक केन्द्रीय खुफिया अधिकारी (एस.आई.बी.) के लिए जिला दमोह में कार्यालय-सह-आवास योजना हेतु भूमि आवंटन संबंधी प्रकरण पर समिति द्वारा विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। जिला स्तरीय नजूल निर्वर्तन समिति, दमोह द्वारा की गई कार्यवाही और सभी वैधानिक प्रक्रियाओं को ध्यान में रखते हुए समिति ने प्रस्ताव पर अपनी सहमति जताई। समिति ने अपनी अनुशंसा सहित यह प्रस्ताव अंतिम स्वीकृति के लिए राज्य नजूल निर्वर्तन समिति की ओर प्रेषित किया।बैठक के दौरान समिति ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक विकास योजनाओं के लिए समय पर भूमि की उपलब्धता सुनिश्चित होने से संभाग के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विकास किया जा सकेगा। इसी दिशा में विभिन्न विकास और निर्माण कार्यों के लिए प्रस्तावित स्थलों की स्वीकृति भी प्रदान की गई।इस महत्वपूर्ण बैठक में सागर संभाग के अपर आयुक्त, संयुक्त संचालक (नगर तथा ग्राम निवेश), वरिष्ठ जिला पंजीयक सागर और उपायुक्त (भू-संसाधन प्रबंधन) सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
