सागर

तक्षशिला स्कूल के एनएसएस छात्रों ने नुक्कड़ नाटक के जरिए दिया नशामुक्ति का संदेश, लोगों ने की सराहना

खुरई। नशामुक्ति के प्रति समाज को जागरूक करने के उद्देश्य से तक्षशिला हायर सेकेंडरी स्कूल खुरई की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के स्वयंसेवकों ने एक सराहनीय पहल की है। स्कूल के छात्रों ने नगर के तहसील परिसर और नवीन बस स्टैंड परिसर में नशामुक्ति अभियान के अंतर्गत एक नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों ने समाज में बढ़ते नशे के दुष्प्रभावों को बेहद संजीदगी के साथ प्रस्तुत किया। छात्रों ने बीड़ी, सिगरेट, शराब, गुटखा, पान और तंबाकू जैसी जानलेवा आदतों के सेवन से स्वास्थ्य, परिवार और समाज पर पड़ने वाले घातक असर को दिखाया। नाटक को देखने के लिए स्थानीय लोग और राहगीर मौजूद रहे, जिन्होंने छात्रों के अभिनय और इस सामाजिक प्रयास की जमकर सराहना की। उपस्थित लोगों ने माना कि ऐसे आयोजनों से समाज में नशे की लत को त्यागने के प्रति एक सकारात्मक जागरूकता पैदा होती है। स्कूल संचालक संजय दुबे ने छात्रों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा है कि नशा एक ऐसी सामाजिक बुराई है जो न केवल इंसान के शरीर को खोखला करती है, बल्कि पूरे परिवार को बर्बाद कर देती है। हमारे विद्यार्थियों ने इस नाटक के माध्यम से समाज को आईना दिखाने का प्रयास किया है। युवा शक्ति ही देश में सकारात्मक बदलाव ला सकती है और तक्षशिला स्कूल हमेशा ऐसे सामाजिक सरोकारों के लिए अग्रणी रहेगा। कार्यक्रम के दौरान प्राचार्य रामनाथ विश्वकर्मा, लखनलाल पाल, दीपक नामदेव और मुस्कान पालीवाल सहित गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button